हर्रैया (बस्ती)। शुक्रवार सायं हाईवे पर आमा पांडेय गांव के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आई महिला ने शनिवार भोर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई महिला को पहले बस्ती मेडिकल कॉलेज और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी फूलचंद की पत्नी श्याम कला (48) शुक्रवार शाम लगभग पौने छह बजे तेनुआ गांव स्थित दुकान से साइकिल से घर लौट रही थी। रास्ते में हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बस्ती मेडिकल कॉलेज रेफर किया। वहां से हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां शनिवार तड़के लगभग पांच बजे श्याम कला की मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार मृतका मायके में रहकर दिव्यांग मां और बच्चों का भरण-पोषण करती थी। वह तेनुआ गांव में सड़क किनारे एक दुकान पर धागा और सूत का कार्य कर परिवार की आर्थिक मदद करती थी। श्याम कला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति फूलचंद खेती के साथ घरेलू कार्यों में हाथ बंटाते हैं, जबकि मृतका की वृद्ध मां और चार बच्चे (दो बेटे व दो बेटियां) का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना हर्रैया पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।