कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के खजुहा गांव में बुधवार को सुबह कोबरा सांप के काटने से महिला की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने कोबरा सांप को मार डाला है। परिजनों ने सीएचसी कप्तानगंज में इलाज के दौरान चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी शेर अली साइकिल बनाने का काम करते हैं। घर के बगल उनकी रिहायशी झोपड़ी है। बुधवार सुबह सात बजे उनकी पत्नी रेशमा (55) हैंडपंप से पानी लेने गई थीं। तभी कोबरा सांप ने उनके दाहिने पैर की उंगली में काट लिया। परिजन आनन-फानन एंबुलेंस से रेशमा को लेकर सीएचसी कप्तानगंज पहुंचे।
शेर अली के अनुसार वहां डॉक्टरों ने छछुंदर काटने की बात कहकर रस्सी खोलवा दी। जब महिला की हालत बिगड़ने लगी तो डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रेशमा की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए। परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम न कराने के लिए लिखित सहमति पत्र दिया है।
परिजन का आरोप है कि सीएचसी कप्तानगंज पर डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से महिला की जान गई है। मामले में सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि परिजनों का आरोप निराधार है।