दुबौलिया क्षेत्र के चपरा गांव में वन विभाग की टीम ग्रामीणो से जानकारी लेती
घर के बाहर सो रहे बर्दिया कुंवर के ग्रामीण पर दौड़ा जानवर
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। बर्दिया कुंवर गांव में बुधवार की रात जंगली जानवर ने घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति पर हमला किया। हालांकि, नींद खुल जाने पर उसने भागकर जान बचाई। रानीपुर लाद गांव में दो दिन से जानवर तो नहीं दिखा। मगर, ग्रामीणों में खौफ बरकरार है। वन विभाग की टीम गांव में कैंप कर सर्च अभियान चला रही है।
वन दरोगा अभिषेक यादव ने बताया कि जब तक हमला करने वाला जानवर मिल नहीं जाता है, तब तक तलाश जारी रहेगी। उधर, बर्दिया कुंवर ग्राम पंचायत के चपरा गांव के रामलाल बुधवार की रात घर के बाहर सो रहे थे, तभी हिंसक जानवर उनके ऊपर हमलावर हुआ। प्रधान के प्रतिनिधि रिंकू ने बताया कि रामलाल की चारपाई तक जानवर पहुंच चुका था। उनकी तरफ दौड़ा तो वह जाग गए और शोर मचाते हुए भागे।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े तो जानवर गांव के उत्तर सिवान की तरफ भाग निकला। सूचना पर रानीपुर लाद गांव में कैंप कर रही वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। काफी खोजबीन के बावजूद जानवर का पता नहीं चला। आसपास के ग्रामीण झुंड के साथ लाठी लेकर गांव में कहीं भी आ-जा रहे हैं। वन दरोगा अभिषेक यादव ने बताया कि रानीपुरलाद, चपरा, बरदियालोहार, पटपरवा आदि गांव में लगातार सर्च अभियान रातों-दिन चलाया जा रहा है। मगर, जंगली जानवर का कुछ पता नहीं चल रहा है।