संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू हो गई है। नकल विहीन परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण में सतर्कता बरती जा रही है। इस बार केंद्र निर्धारण की नियमावली में प्रबंधकीय विवाद वाले और पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या के सापेक्ष 20 प्रतिशत अनुपस्थित रहने पर परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएंगे।
जिले में 401 विद्यालय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के हैं। इनमें 23 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 308 वित्तविहीन स्कूल शामिल हैं। इनमें करीब 70 हजार छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया ऑनलाइन करनी होगी। इसके लिए कमेटी बना दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर कम से 250 और अधिकतम 2000 परीक्षार्थी आवंटित किए जाएंगे।
केंद्र बनाते समय यह देखा जाएगा कि एक परीक्षार्थी के लिए 20 वर्गफीट क्षेत्रफल होना चाहिए। इसी मानक के अनुसार परीक्षार्थियों का आवंटन किया जाएगा। पिछले वर्ष 122 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार परीक्षार्थियों की संख्या कम हो गई है। ऐसे में परीक्षा केंद्रों की संख्या कम हो सकती है।
...
कोट
उच्चाधिकारियों के निर्देश अनुसार विद्यालयों का विवरण भेजा गया है। परीक्षा केंद्र बोर्ड निर्धारित करता है। ऑनलाइन जानकारी विद्यालयों से मांगी गइ है।
-जगदीश प्रसाद शुक्ला, डीआईओएस