सहदेव हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी से करवाई थी हत्या, बेटा भी शामिल
- गांव की महिला से अवैध संबंध के चलते कराई गई हत्या
- आरोपी मां गिरफ्तार, नाबालिग बेटे को पुलिस ने पकड़ा
प्रेमी व उसका साथी फरार
- दो लाख रुपये का लालच देकर पत्नी ने करवाया था कत्ल
- लालगंज के परेवा में गन्ने के खेत में 11 दिसंबर को मिली थी सहदेव की लाश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुदरहा/बस्ती। लालगंज पुलिस ने दो दिन पहले सामने आए परेवा निवासी सहदेव हत्याकांड का सोमवार को पर्दाफाश कर दिया है। परिवार की उपेक्षा कर गांव की महिला से अवैध संबंध होने की वजह से उसे मौत के घाट उतारा गया। हरवंश की पत्नी ने अपने प्रेमी को दो लाख रुपये का लालच देकर पति की हत्या करवाई, जिसमें उसका नाबालिग बेटा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपित मां को गिरफ्तार कर बेटे को भी पकड़ा है। मगर हत्यारोपी प्रेमी और उसका दोस्त पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
गिरफ्तार की गई सहदेव की पत्नी किरन (आशा कार्यकर्ता) से पूछताछ के आधार पर एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि किरन के पति सहदेव का गांव की एक महिला से अवैध संबंध था। पूना से आकर वह अपना पैसा उसी को दे देता था। विरोध करने पर झगड़ा करता था और कहता था कि अपनी संपत्ति भी उसी के नाम कर देगा। खेती की जमीन भी उसी महिला को जोतने-बोने के लिए दे दिया था। इससे किरन बच्चों के भविष्य को लेकर परेशान होने लगी। इसी के चलते उसने पड़ोसी गांव जमालपुर के अपने प्रेमी सूरज से मिलकर पति सहदेव को जान से मारने का षड़यंत्र रच डाला। महिला ने बताया कि सूरज ने अपने साथी विकास निवासी कुदरहा से मिलकर छह दिसंबर की रात घटना को अंजाम दिया। उस रात सहदेव रिश्तेदारी से नशे में धुत होकर लौटकर आया था। किरन ने जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे उसने व उसके बेटे ने सहदेव के दोनों पैर और विकास ने दोनों हाथ पकड़ लिए। इसके बाद सूरज ने उसका गला दबा दिया। छटपटाता देख सूरज ने डंडे से सिर पर कई वार किया। जिससे सहदेव की मौत हो गई। इसके बाद चारों ने लाश को ले जाकर घर से थोड़ी दूरी पर गन्ने के खेत में छिपा दिया था।
-------------
यह है मामला
शनिवार को परेवा से सटे जमालपुर के दक्षिण गन्ने के खेत में घास काटने गई महिलाओं ने शव देखकर शोर मचाया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची किरन ने शव की पहचान पति सहदेव के रूप में की। किरन ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही वह पूना से आए थे। मंगलवार को वह किसी को बिना कुछ बताए घर से निकल गए थे। मृतक के भाई बद्री प्रसाद की तहरीर पर मुकामी पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर मामले की तफ्तीश करने में जुटी थी।
-----------
सूचना न देने से पैदा हुआ संदेह
सहदेव का शनिवार को शव मिला तो उसकी पत्नी किरन ने बताया कि वह चार दिन से लापता थे। मगर उसने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। उसके यह कहने पर पुलिस को संदेह हुआ कि आखिर पति के चार दिन से लापता होने की थाने पर पत्नी ने सूचना क्यों नहीं दी।