छावनी क्षेत्र मझौआ दूबे गांव के शोभाराम वर्मा का मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
छावनी। ढाबा मालिक की रहस्यमय मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पत्नी ने पुलिस को सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें पति की हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मझौवा दूबे गांव निवासी शोभाराम वर्मा का शव मलौली गोसाई गांव के बाहर शराब की दुकान से 200 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे बुधवार को मिला था। शोभाराम की पत्नी अर्चना वर्मा ने छावनी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति ने शंकरपुर निवासी एक व्यक्ति से जमीन खरीदने के लिए एक लाख रुपया दिए थे। जमीन देने से मुकर जाने पर उक्त व्यक्ति से अपना रुपया वापस मांगने लगे थे। इसे लेकर तनातनी चल रही थी। उसने सात लोगों के खिलाफ हत्या कर लाश फेंक देने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस कुछ युवकों से पूछताछ कर रही है। छावनी पुलिस का कहना है कि शोभारमा के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में रिजर्व विसरा का रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई हो पाएगी।