महराजगंज(बस्ती)। डीजे बजाने को लेकर बराती और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट की घटना से नाराज दूल्हा पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाकर शादी कराई। घायलों में एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरदीबाबू गांव से इसी थाना क्षेत्र के पगार गांव में रविवार रात बरात आई थी। बारात गांव के पश्चिम तरफ ब्रह्म बाबा के स्थान पर रुकी थी। जलपान के बाद द्वारपजा के लिए बारात गांव में जा रही थी। रात 11:40 बजे बराती डीजे की धुन पर डांस करते हुए जा रहे थे। गांव के निकट डीजे बजाने को लेकर कुछ ग्रामीणों और बरातियों के बीच कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ लिया और मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीणों ने बरातियों को दौड़ा लिया और जमकर पीटा। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गुहार पर गांव के लोग आ गए और बीच बचाव करते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी। दूल्हे का चचेरा भाई शिवा (18) पुत्र फूलचन्द्र, फूलचंद्र (17), महेंद्र कुमार (24), मनीष (26) निवासी पगार थाना कप्तानगंज बस्ती सहित कई लोग चोटिल हो गए। घायलों में शिवा की हालत नाजुक बनी हुई है। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि मामला शांत कराकर शादी कराई गई। अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।