बस्ती। डीएम अंद्रा वामसी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में 162 मतदान केंद्र में 226 क्रिटिकल व 70 मतदेय स्थल बरनरेबुल चिह्नित किए गए हैं। इन मतदेय स्थलों का भ्रमण, स्थानीय लोगों से बातचीत कर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी एसडीएम व सीओ कार्ययोजना बना लें। मतदान के दिन 25 मई को इन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। इनकी वेबकाॅस्टिंग कराई जाएगी या इन स्थानों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। यहां माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए जाएंगे, जो मतदान प्रक्रिया की रिपोर्टिंग सीधे भारत सरकार के ऑब्जर्वर को करेंगे।
डीएम शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में चुनाव की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1089 मतदेय स्थलों की सीसीटीवी कैमरा लगाकर वेबकाॅस्टिंग कराने की व्यवस्था की जा रही है, जिसे सीधे आयोग अपने कार्यालय में देखा सकेगा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान की वेबकाॅस्टिंग वाले मतदेय स्थलों की विशेष निगरानी करने की आवश्यकता होगी। यह सुनिश्चित करना होगा कि मतदान के समय केवल एक पोलिंग एजेंट वहां मौजूद रहेंगे। प्रत्याशी अपना पंडाल मतदेय स्थल से 200 मीटर के बाहर लगाएंगे।
इस पंडाल से भी प्रचार-प्रसार का कार्य नहीं किया जाएगा। कहा कि 105 मतदेय स्थलों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। यदि आवश्यकता हुई तो यह संख्या बढ़ाई जा सकती है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान में बाधक अराजक तत्वों पर 107/16 तथा 151 की कार्रवाई करेंघ्। गुंडा एक्ट के अंतर्गत जिला बदर करने वाले अपराधियों की सूची तत्काल भेजें तथा आबकारी एक्ट की धारा 72 के तहत अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करें।जिले में अब तक करीब 80 प्रतिशत शस्त्र लाइसेंस जमा हो गए हैं। इसके अलावा पैकोलिया में 88, कप्तानगंज में 82, सोनहा में 74 तथा वाल्टरगंज में 62 शस्त्र जमा करने के लिए अवशेष हैं।
उन्होंने ईओ नगर पालिका/डिप्टी कलेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह को निर्देशित किया है कि प्रशिक्षण के लिए निर्धारित किसान इंटर कॉलेज के कमरों की मरम्मत चार अप्रैल तक सुनिश्चित कराएं। कंट्रोल रूम की व्यवस्था मुकम्मल करें। मंडी समिति में स्ट्रांग रूम का कायाकल्प चार अप्रैल तक पूरा कराएं। पांच अप्रैल को इन तीनों स्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं की सत्यापन रिपोर्ट उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से 31 मार्च तक प्राप्त होगी। रिपोर्ट में पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर ठीक कराना होगा।
इस मौके पर एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश चन्द्र, एएसपी ओ.पी. सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम रूधौली/एआरओ कप्तानगंज शाहिद अहमद आदि मौजूद रहे।