बारिश के चलते शहर में जगह-जगह भरा पानी
सड़क के गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बढ़ी
तापमान में गिरावट से सुहाना हुआ मौसम, उमस से मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में शुक्रवार की शाम शुरू बारिश शनिवार शाम तक होती रही। इसके चलते कई स्थानों पर छिटपुट पानी भर गया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति स्टेशन रोड, नारंग रोड के अलावा प्रह्लाद कॉलोनी, मालवीय मार्ग व स्टेशन रोड पर कीचड़ फैलने सेे राहगीरों को आवागमन में दिक्कत हुई। मौसम विभाग के अनुसार जिले में कुल 25 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश के चलते मौसम खुशगवार हो गया है।
जिले में पहली अक्तूबर की शाम अचानक मौसम बदल गया और फिर छिटपुट बारिश शुरू हो गई। यह क्रम पूरी रात और शनिवार शाम तक चला। इसके चलते शहर की गलियों में जल जमाव हो गया, मगर बारिश समाप्त होने के बाद पानी हट गया है। हालांकि हल्की बारिश के चलते सड़कों पर कीचड़ फैल गया, जिसके चलते लोगों को यात्रा करने में कठिनाई हुई। दूसरी ओर शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई पटरियों के चलते कई मोहल्लों में कीचड़ है, जिससे लोग परेशान हैं। मालवीय मार्ग पर सड़क टूटने के कारण उसमें पानी भर गया है। यही हाल स्टेशन रोड व नारंग रोड का भी है। प्रह्लाद कॉलोनी की सड़क पर बारिश के बाद स्थिति दयनीय हो गई। यहां खुदाई के बाद उसे वैसे ही छोड़ दिया गया, जिससे मिट्टी बैठ गई और उसमें पानी इकट्ठा हो गया है।
नगर पालिका के ईओ अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में कहीं भी जल जमाव नहीं है। जहां सड़कें खराब हैं उन्हें बारिश के बाद ठीक कराया जाएगा। प्रह्लाद कॉलोनी की पटरी को भी जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।