बस्ती। जल जीवन मिशन अभियान के तहत पेयजल के सभी कार्यों में जन भागीदारी बढ़ाने के लिए 22 मार्च तक जल अर्पण दिवस व महोत्सव का आयोजन होगा। यह जिले की सभी 1187 ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। कार्यक्रम में डीएम-सीडीओ भी प्रतिभाग करेंगे।
शासन स्तर से जारी पत्र में कहा गया है कि सभी ग्राम पंचायतों में 22 मार्च से जल महोत्सव पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य जल आपूर्ति के रखरखाव व प्रबंधन में ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता बढ़ाना है। इस जल महोत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम में प्रतिदिन अलग-अलग तरह की गतिविधियां ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर व राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पेयजल को लेकर किए जा रहे सराहनीय कार्य के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पेयजल की शुद्धता के लिए पेयजल जांच की जागरूकता के लिए गोष्ठी होगी। अच्छा कार्य करने वाले पंप ऑपरेटर समेत अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को पेयजल आपूर्ति के रख-रखाव व प्रबंधन के लिए ग्राम स्तर व ब्लाक स्तर पर ट्रेनिंग दी जाएगी। जल संरक्षण रैली, स्कूल कार्यक्रम व ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।
इसमें पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, महिला कल्याण, बाल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग मिलकर जल महोत्सव को सफल बनाएंगे। पत्र में कहा गया है कि डीएम और सीडीओ कम से कम एक जल अर्पण दिवस कार्यक्रम में अवश्य प्रतिभाग करें।