कलक्ट्रेट सभागार में डीएम अंद्रा वामसी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक की।
डीएम बोले-अंतर मिलने पर जोनल मजिस्ट्रेट होंगे जिम्मेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लोकसभा सामान्य निर्वाचन के छठे चरण का मतदान कराने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में सामान्य प्रेक्षक आईएएस बबिता की मौजूदगी में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक हुई। इसमें डीएम अंद्रा वामसी ने निर्देश दिए कि मतदान के दिन 25 मई को सभी मजिस्ट्रेट प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की सूचना प्रसारित करेंगे। मतदान बंद होने के बाद मिलान के समय इसमें कोई अंतर नहीं होना चाहिए।
डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के दिन प्रत्येक 2 घंटे पर दी जाने वाली मतदान प्रतिशत की सूचना की सही-सही दी जाए। इसके लिए जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट सूचनाओं से अपडेट होते रहेंगे। मतदान समाप्ति के बाद इसमें यदि किसी प्रकार का अंतर आएगा तो जवाबदेह संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। कहा कि अब तक विभिन्न चरणों में हुए मतदान के प्रतिशत में लगभग 3 प्रतिशत का अंतर पाए जाने पर निर्वाचन आयोग ने नाराजगी जताई है।
इसके लिए जोनल मजिस्ट्रेट को जिम्मेदार माना गया है। सभी जोनल मजिस्ट्रेट से अपेक्षा है कि वे निष्पक्षता एवं सत्यनिष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कहा कि मतदान कार्मिकों के द्वितीय प्रशिक्षण के दौरान भी वे उपस्थित रहें तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को संचालित करके अवश्य देख लें। मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या होने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेंगे।
क्षेत्र में भ्रमण के दौरान वोटर स्लिप वितरण का सत्यापन जोनल मजिस्ट्रेट करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें एक चेकलिस्ट भी दी जाएगी। मतदान के दिन 25 मई को उन्हें क्या करना है और क्या नहीं करना है यह स्पष्ट रूप से लिखित में दिया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम/ एआरओ को निर्देशित किया है कि वह अपने क्षेत्र के सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर लें। कहा कि हमारा लक्ष्य घटना रहित तथा पुनर्मतदान रहित मतदान कराना है। इस मौके पर सीडीओ जयदेव सीएस, एडीएम कमलेश चंद्र, एएसपी ओपी सिंह आदि मौजूद रहे।