महादेवा। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के महादेवा-मुंडेरवा मार्ग पर बुधवार शाम लगभग 7 बजे तेज रफ्तार बस और बाइक की भिड़ंत में तीन चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस से नोकझोंक होने लगी। पुलिस ने बल प्रयोग करने की कोशिश की तो ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर अड़ गए।
लालगंज और मुंडेरवा थाने की पुलिस के पीछे हटने के बाद एएसपी श्यामकांत, सीओ स्वर्णिमा सिंह वाल्टरगंज, पुरानी बस्ती, कलवारी, रुधौली, सोनहा सहित कई थानों की फोर्स, फायर ब्रिगेड लेकर पहुंचे। रात 10 बजे तक तनातनी बनी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, भैंसा पांडेय गांव निवासी चचेरे भाई राहुल (22) पुत्र घरभरन, प्रदीप (18) पुत्र चैतू और प्रमोद (24) पुत्र सुंदर बुधवार को मुंडेरवा बाजार से छठ पूजा के लिए खरीदारी कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, महादेवा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने अनियंत्रित होकर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में प्रदीप ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर घटना सुनकर गांव के महिला-पुरुष एक-एक करके सड़क पर आने लगे। करीब आठ बजे दो ढाई सौ ग्रामीणों के जुटने के बाद वे रोड पर जाम करके बैठ गए। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए।
महादेवा मार्ग पर भैसा पांडेय गांव के पास बाइक और बस की टक्कर- संवाद
महादेवा मार्ग पर भैसा पांडेय गांव के पास बाइक और बस की टक्कर- संवाद
महादेवा मार्ग पर भैसा पांडेय गांव के पास बाइक और बस की टक्कर- संवाद