छावनी। थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में बृहस्पतिवार को प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में ग्राम प्रधान की मध्यस्थता से उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बाइक से आए दो युवक काफी देर तक गांव में घूमते रहे। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने दोनों से पूछताछ शुरू की। एक युवक ने बताया कि वह गांव में रहने वाली लड़की से मिलने आया है, लेकिन जिस लड़की और उसके परिजन का नाम बताया गया, वे लोग गांव में रहते ही नहीं थे। इस पर ग्रामीणों को गड़बड़ी का अंदेशा हुआ और युवकों के साथ हाथापाई करने लगे। ग्राम प्रधान अजय सिंह ने बताया कि युवक संदिग्ध रूप से गांव में घूमते देखे गए, जिसके बाद लोगों ने उन्हें रोक लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई और दोनों को थाने पहुंचाया गया। थानाध्यक्ष छावनी जनार्दन प्रसाद ने बताया कि युवकों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है।