पुलिस लाइन सभागार में सम्मान समारोह के दौरान मौजूद ग्राम प्रहरी। स्रोत- पुलिस
बस्ती। पुलिस विभाग के तत्वावधान में पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को ग्राम प्रहरियों (चौकीदार) के लिए सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें 345 ग्राम प्रहरियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बरेली में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जैसे ग्राम प्रहरियों के वेतनमान में बढ़ोतरी की घोषणा की तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में गो- सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल, विधायक हर्रैया अजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, आयुक्त वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी, डीएम कृत्तिका ज्योत्सना, एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी श्यामकांत की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। सुरक्षा की दृष्टि ग्राम प्रहरियों के भूमिका की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
उन्होंने वेतनमान में बढ़ोतरी और उनके चिकित्सा सुविधा हेतु कैशलेस उपचार की घोषणा की। इसके बाद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि ग्राम चौकीदार पुलिस व जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण स्तर पर सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में इनकी भूमिका सराहनीय है। उन्होंने सभी से पूर्ण निष्ठा से कर्तव्यों के निर्वहन करने की अपील भी की।