बस्ती। जिले के विक्रमजोत व बहादुरपुर ब्लॉक में हुए प्रधान पद के उप चुनाव में शनिवार देर शाम परिणाम घोषित कर दिए गए। विक्रमजोत के ग्राम पंचायत वीरपुर खरहरा में प्रधान पद पर संगीता ने निकटतम प्रतिद्वंदी कमला को 124 मतों से पराजित किया। वहीं शंकरपुर द्वितीय में बीडीसी पद पर रामचंद्र यादव निर्वाचित हुए हैं। इसी प्रकार बहादुरपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत रामपुर मिश्र में शोहरता प्रधान पद पर निर्वाचित घोषित की गईं।
विक्रमजोत प्रतिनिधि के अनुसार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले प्रधान पद की मतगणना हुई, जिसका 12 बजे आ गया। संगीता को 395 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कमला को 271 मतों से संतोष करना पड़ा। 12 मत अवैध हुए। इस प्रकार संगीता ने कमला को 124 मतों से हरा दिया। यहां हुए बीडीसी पद के चुनाव में रामचंद्र यादव उर्फ साधू यादव ने 467 मत पाकर अपने प्रतिद्वंदी 403 मत पाने वाले विनोद कुमार सिंह को 64 मतों से हराया। बीडीसी मे 24 मत अवैध घोषित हुए। आरओ डॉ. विक्रम ने विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया।
गायघाट प्रतिनिधि के अनुसार बहादुरपुर ब्लाक के रामपुर मिश्र में हुए उपचुनाव में शोहरता ने 257 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विद्या को 21मतों से पराजित किया। अनारकली 168 वोट पाकर तीसरे तो कतारु 61 मत पाकर चौथे स्थान पर रहे।