बाल्मीकि जयंती पर खोरेश्वर नाथ शिवमन्दिर पर सुंदर कांड का पाठ करते हुए - संवाद
नगर बाजार (बस्ती)। पोखरा बाजार स्थित श्रीराम जानकी हनुमानगढ़ी मंदिर में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती बड़े उत्साह और भक्ति के साथ मनाई गई। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, झंडियों और दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बन गया।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। सुबह विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड का पाठ और हवन का आयोजन हुआ। पुजारियों ने मंत्रोच्चार के बीच वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। भक्तों ने रामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण का पाठ कर महर्षि के जीवन और उनके योगदान को याद किया।
महंत नागा गिरजेश दास ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है ताकि नई पीढ़ी महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और शिक्षाओं से प्रेरणा ले सके। दोपहर में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं ने भक्ति गीतों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से वाल्मीकि जी के जीवन पर प्रकाश डाला। मंदिर परिसर में मेले जैसा वातावरण रहा। प्रसाद वितरण के साथ ही जरूरतमंदों को कपड़े और भोजन भी वितरित किए गए। आयोजन में पुजारी संजय पांडेय, कृष्णा, अंशू सिंह, मनोज सिंह, सोनी, रीना, शुशीला, पूजा और कीर्ति सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देर शाम तक पोखरा मंदिर भक्ति और उल्लास का केंद्र बना रहा।