फोरलेन पर हादसे में ग्राम प्रधान समेत दो की मौत
- अलग-अलग स्थानों पर हुए दोनों हादसे
- छावनी थाने के ग्राम पंचायत रूपगढ़ के प्रधान थे मनमोहन यादव
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया/महराजगंज। दो अलग-अलग सड़क हादसे में ग्राम प्रधान समेत दो लोगों की मौत हो गई। विक्रमजोत विकास खंड के ग्राम पंचायत रूपगढ़ के प्रधान की अयोध्या जनपद में दर्शन नगर के पास दुर्घटना में मौत हुई। छावनी थाने के रूपगढ़ निवासी 35 वर्षीय मनमोहन यादव गांव के ही अनिल यादव पुत्र राजाराम यादव को बाइक से अयोध्या टेट की परीक्षा दिलाने जा रहे थे। रविवार सुबह आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग फैजाबाद बाईपास पर अचानक एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल अयोध्या लेकर गए लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर होने के चलते रेफर कर दिया। लखनऊ के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान देर शाम को मौत हो गई।
हाईवे के बिजरा गांव के निकट रविवार की सुबह सड़क हादसे में घायल साइकिल सवार की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हर्रैया थाना क्षेत्र भलुहिया (बिहरा) गांव के रहने वाले राम कृपाल रविवार सुबह साइकिल से एक शादी समारोह में जा रहे थे। हर्रेया थाना क्षेत्र के बिजरा गांव के निकट सड़क पार करते समय बस्ती से लखनऊ वाली लेन में एक तेज रफ्तार वाहन ने ठोकर मार दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे हर्रेया के एसएसआई कन्हैया पांडये ने एंबुलेंस से साइकिल सवार को सीएचसी हर्रेया पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने राम कृपाल (55) को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। हर्रेया के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।