पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर के पास हादसे में घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। संव?
- फोटो : BASTI
ट्रक ने टेंपो में मारी टक्कर, दो की जान गई
- पैकोलिया थाने के जीतीपुर के पास हुआ हादसा
- मृतकों में 20 वर्षीय सूरज व 13 वर्षीय खुशी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के जीतीपुर के पास एक ट्रक ने सामने से आ रहे सवारियों से भरी टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे टेंपो में सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी हर्रैया भेजवाया। दो की हालत गंभीर होने से उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 20 वर्षीय सूरज व 13 वर्षीय खुशी की मौत हो गई।
परशुरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी राजू की पत्नी पूनम अपने मायके हर्रैया थाना क्षेत्र के भदावल गांव निवासी हृदय राम के घर गई थी। एक सप्ताह बाद रविवार को अपने भाई 20 वर्षीय सूरज, भतीजी 13 वर्षीय खुशी, नौ वर्षीय शैली और अपने 11 वर्षीय पुत्र आर्यन, आठ वर्षीय ईशानी, छह वर्षीय ईशू और तीन वर्षीय सरेखी को लेकर अपने चाचा राम बुझारत के साथ उन्हीं की टेंपो से ससुराल जा रही थी। परसा-परशुरामपुर मार्ग पर पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर गांव के आरामशीन के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे टेंपो सवार आठ लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह मय फोर्स पहुंचकर सभी घायलों को हर्रैया सीएचसी भेजवाया। डॉक्टर ने सभी का प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत देख खुशी, सूरज, आर्यन और पूनम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला अस्पताल में घायल खुशी और सूरज की इलाज के दौरान मौत हो गई है।