10 मार्च को पेट्रोलपंप का ताला तोड़कर हुई थी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 10 मार्च की रात सोनहा क्षेत्र के मलपुरवा पेट्रोल पंप पर हुई चोरी के दो और आरोपियों को स्वाॅट टीम की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिए। इसमेंं शामिल तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। यह दोनों फरार थे। एसएचओ उपेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में सुरेंद्र यादव उर्फ सोनू निवासी कड़जहना थाना रुधौली और विकास पांडेय निवासी रामनगर कठौतिया थाना सोनहा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 मार्च की रात को मलपुरवा पेट्रोल पंप के ऑफिस में रखी आलमारी को तोड़कर एक लाख चार हजार 589 रुपये चोरी हो गया था। पुलिस मामले में केस दर्ज कर छानबीन कर रही थी। नौ अप्रैल को स्वाॅट टीम की मदद से सोनहा पुलिस ने कृष्ण मोहन साहनी निवासी मथुरानगर थाना उसका बाजार जनपद सिद्धार्थनगर, विजय चौहान निवासी बेलसड़ थाना बृजमनगंज जनपद महराजगंज और साजन गौंड निवासी खेजुरिया थाना उसका बाजार जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार कर लिया था।
उनके कब्जे से कब्जे से चोरी के साढ़े 14 हजार रुपये नकदी के अलावा हेक्सा ब्लेड, जैक, राॅड, पेचकस व तमंचा-कारतूस बरामद किए गए थे। मगर सुरेंद्र और विकास पांडेय बच गए थे। स्वाॅट टीम प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी की टीम के साथ एसएचओ ने दोनों को बनवधिया मोड़ से चोरी के मॉनिटर, प्रिंटर व की-बोर्ड के साथ धर दबोचा।