50 हजार से अधिक कीआबादी वाले दर्जनों गांव के लोग परेशान
विभाग की लापरवाही के चलते दर्जनों गांव अंधेरे में
उमस भरी गर्मी से जनजीवन बेहाल, बिजली उपभोक्ताओं में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। परशुरामपुर विकास क्षेत्र के 33/11 विद्युत उपकेंद्र मखौड़ा धाम के हैदराबाद फीडर से 25 मई की शाम से विद्युत आपूर्ति बाधित है। इससे उपभोक्ताओं में बिजली निगम के प्रति नाराजगी व्याप्त है। इस उपकेंद्र पर 11 हजार पावर सप्लाई के लिए पांच एमबीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगे थे। इनकी क्षमता वृद्धि बढ़कर 10 एमबीए ट्रांसफाॅर्मर की गई है। इनमें कुछ टेक्निकल कारण से बिजली ब्रेकडाउन हो जा रही है। इससे दर्जनों गांवों में आपूर्ति बाधित चल रही है।
उमस भरी गर्मी में विद्युत आपूर्ति बंद होने से हैदराबाद फीडर के करीब तीन दर्जन से अधिक गांव सिकंदरपुर, रायपुर, चौरी, छेदियापारा, नंद नगर, मधुकरपुर, महेवा सहित गांवों के सैकड़ों उपभोक्ता बेहाल हैं। विद्युत आपूर्ति सुचार रूप से न होने के कारण विद्युत उपकरण जहां बेकार साबित हो रहे हैं, वहीं मोबाइल आदि सेवा बाधित हो गई है। बढ़ी हीट वेव में तो बिजली की आंख मिचौली लोगों के लिए और दुखदायी साबित हो रही है।
परमानंद गुप्ता ने कहा कि अब लोगों को दिन-रात मिलाकर 6 घंटे भी सप्लाई नहीं मिल पाती है। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष लवकुश मोदनवाल ने बताया कि लो-वोल्टज की भी समस्या है। क्षेत्र के उमेश चंद्र मद्देशिया, अरविंद गुप्ता, मुकेश गुप्ता, सौरभ श्रीवास्तव, शेर बहादुर कश्यप, रामगोपाल यादव, प्रधान प्रतिनिधि के जगदीश मौर्य, ग्राम प्रधान हैदराबाद एजाज अहमद का कहना है कि बिजली निगम समय रहते यदि उपकरणों की मरम्मत करता रहे तो बिजली आपूर्ति में बाधा न खड़ी हो। छह दिनों से क्षेत्रीय लोग उमस भरी गर्मी, मच्छरों और रात में अंधेरे से जूझ रहे हैं।
गर्मी में विषैले जीव जंतुओं व चोरी आदि का खतरा बना रहता है। मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहा है। संचार व्यवस्था भी बंद है। लोगों का एक-दूसरे से संपर्क नहीं हो पा रहा है। जूनियर इंजीनियर अभिषेक कुमार ने बताया कि ट्रांसमिशन से संबंधित समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। जैसे ही ऊपर से कोई आदेश मिलता है, उपकेंद्र पर मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा।