वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के बाहर शनिवार को सरकारी देसी शराब की दुकान के पास ट्रक चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह घर से एक दिन पूर्व निकला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार की सुबह आसपास के लोगों ने शराब की दुकान के पास शव देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से जानकारी ली। पता चला कि शव मैनसिर निवासी 42 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव का है। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। बेटे शिवम ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। मौत की खबर से पत्नी सुनीता यादव, बेटी साक्षी, आकांक्षा, बेटा शिवम सहित सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के लोगों ने बताया कि चंद्र प्रकाश यादव ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बेटे शिवम ने पुलिस को तहरीर में बताया है कि सहाऊतपुर गांव के दो लोग उनके पिता को शराब की दुकान की तरफ ले गए।
परिवार के लोगों ने समझा कि वह अपने काम पर गए होंगे लेकिन सुबह उनका शव शराब ठेके के समीप मिला। थानाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।