चुरेब-मुंडेरवा रेलवे स्टेशन के बीच सेहरी भैंसा गांव के पास रेलवे ट्रैक के दोनों ओर झाड़ियों में आग लग गई। इससे करीब आधे घंटे तक लखनऊ-गोरखपुर रूट पर संचालन बाधित रहा।
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सेहरी भैसा गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पूर्वाह्न करीब 10.40 बजे आग लग गई। हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। सूचना पर मुंडेरवा स्टेशन के स्टेशन मास्टर रमेश श्रीवास्तव और पीडब्ल्यूआई ईमामुल्हक ने अफसरों को सूचना देने के साथ ही गैंग संख्या 12 के मेट रामचंद्र पासवान को मौके पर पहुंचने के लिए कहा। वहीं खलीलाबाद कोतवाली प्रभारी कमला यादव व कांटे चौकी इंचार्ज राम भवन यादव और मुंडेरवा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी ने मिलकर समय रहते आग पर काबू पा लिया। मुंडेरवा के स्टेशन मास्टर रमेश श्रीवास्तव आग लगने के कारण मुंडेरवा स्टेशन पर गोरखपुर की ओर जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस और चुरेब स्टेशन पर मालगाड़ी को रोक दिया गया। आधे घंटे तक दोनोें ट्रेनें रुकीं रहीं। स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनों को रवाना किया गया।