रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। संवाद
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते आने-जाने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनें विलंब से पहुंच रही हैं। इंतजार में स्टेशन पर सुबह से शाम हो जा रही है। यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में कई घंटे तक प्लेटफार्म पर बैठना पड़ रहा है।
बुधवार को आने वाली नई दिल्ली दरभंगा क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 7:30 घंटे की देरी से चल रही थी। रेलवे समय सारणी के अनुसार गोरखधाम-सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का सुबह 8:19 बजे आने का समय था, लेकिन 7 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को 3:30 बजे स्टेशन पर आईं। जबकि नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल ट्रेन को 11:0 7 बजे पहुंचने का समय था, लेकिन 7:30 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को 6:49 बजे स्टेशन पर पहुंची।
इसके अलावा अमरपाली एक्सप्रेस 1:45 घंटे, योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल एक्सप्रेस 5:30 घंटे, अयोध्या भटनी मेमो पैसेंजर 1 घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 2 घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 4 घंटे, आनंद विहार मुजफ्फरपुर स्पेशल 3:30 घंटे और अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 4 घंटे की देरी से चल रही थी।
रेलवे स्टेशन पर सेमरियांवा क्षेत्र के मौजूद यात्री मैनुद्दीन और अब्दुल कलाम ने बताया कि सुबह ट्रेन के निर्धारित समय से परिवार के सदस्यों के साथ स्टेशन पर पहुंच गया। लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि जिस ट्रेन से सफर करना है, वह ट्रेन काफी लेट से चल रही है, ऐसे में हम लोगों के नाते परिवार के अन्य सदस्यों को भी परेशान होना पड़ रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से कभी-कभार लिए गए ब्लॉक व काशन के चलते ट्रेनें विलंब हो जा रही है। इसमें सुधार का प्रयास किया जा रहा है।