बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।संवाद
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को भी अधिकांश ट्रेनें निर्धारित समय से देर से पहुंचीं जिससे यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे विलंब से बस्ती स्टेशन पहुंची।
रेलवे की समय सारिणी के अनुसार, बस्ती से गौर, बभनान, मनकापुर, अयोध्या, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज जाने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस एक घंटा 18 मिनट की देरी से रवाना हुई। वहीं बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल ढाई घंटे, मालदा टाउन मेमू एक्सप्रेस स्पेशल एक घंटा 50 मिनट, अवध एक्सप्रेस एक घंटा 40 मिनट, पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस दो घंटे और लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस 30 मिनट विलंब से संचालित हुई।
स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे वॉल्टरगंज निवासी विमल कुमार और कलवारी क्षेत्र के जगदेव प्रसाद ने बताया कि वे निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंच गए थे लेकिन ट्रेन के विलंब से चलने की जानकारी बाद में मिली। चार घंटे से अधिक समय से स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है। पूछताछ काउंटर पर भी सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि ट्रेन विलंब से चल रही है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की लेटलतीफी से समय के साथ-साथ उनकी यात्रा की पूरी योजना प्रभावित हो रही है।
स्टेशन अधीक्षक नसीम अहमद ने बताया कि ट्रेनों का संचालन रेलवे प्रशासन के नियंत्रण में होता है। फिर भी अधिकांश ट्रेनों का परिचालन अब सामान्य हो रहा है और समयबद्ध संचालन के प्रयास किए जा रहे हैं।