रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों करना पड़ रहा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गोंडा जिले के करनैलगंज के पास रेलवे ट्रैक की मरम्मत के कारण आधा दर्जन से ज्यादा प्रमुख ट्रेनें पांच से छह घंटे देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों के लेट चलने से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
राप्ती सागर, गोहाटी लोहित एक्सप्रेस, गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रेलवे बोर्ड की ओर से ग्रीष्मकालीन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है, ताकि गर्मी के दिनों यात्रियों को सहूलियत मिल सके। मगर, ट्रेनों के कई घंटे विलंब होने के कारण यात्रियों को गर्मी कई घंटे स्टेशन पर गुजारना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को रेलवे बोर्ड के समय सारिणी के अनुसार डाउन गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन को शाम 4:45 बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पर आना था। मगर, यह गाड़ी पांच घंटे देरी से पहुंची। डाउन डिबरूगढ़ एक्सप्रेस दोपहर 3:17 बजे आनी थी, लेकिन करीब सात बजे आई। डाउन राप्तीसागर 10 घंटा लेट से आई। डाउन गोहटी एक्सप्रेस पांच घंटे लेट रही। अप समर स्पेशल एक्सप्रेस छह घंटे लेट होने के कारण रात 12 बजे के बाद आई।
रेलवे स्टेशन मास्टर नसीम अहमद ने बताया कि गोंडा के पास ट्रैक पर इंटरलॉकिंग का काम चल रहा है। इस वजह से ट्रेनें लेट हो रही हैं। पहले की अपेक्षा अब एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में काफी सुधार है। उम्मीद है कि जल्द विलंब से चल रही ट्रेनें अपनी निर्धारित समय से चलने लगेंगी। काउंटर पर यात्रियों को हर समय ट्रेनों के आने-जाने की जानकारी दी जा रही है