पुरानी बस्ती। गोरखपुर से बस्ती के बीच ब्लॉक समाप्त होने के बाद मंगलवार को बस्ती रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें समय से चलीं। हालांकि बिहार से आने वाली नई दिल्ली क्लोन और दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन ट्रेन करीब ढाई-ढाई घंटे की देरी से पहुंचीं। बाकी ट्रेनों के समय से चलने पर यात्रियों ने प्रसन्नता जताई।
बभनान निवासी चंद्रशेखर कमलापति बस्ती से पठानकोट की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ट्रेन समय से चल रही है। स्टेशन पर साफ-सफाई भी अच्छी है। इससे यात्रियों को अच्छा लगता है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए बस्ती होकर नौ पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
इससे यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल रहे हैं और सीट मिलने में भी सहूलियत हो रही है। रेलवे की ओर से आगे और पूजा स्पेशल ट्रेनें बढ़ाए जाने की बात कही गई है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि ब्लॉकिंग कार्य समाप्त होने से काफी ट्रेनें समय से चलने लगी हैं। दूसरे डिवीजन में मेंटेनेंस का कार्य चल रहा है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। मेंटेनेंस कार्य यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किए जाते हैं। कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को समय से गंतव्य तक पहुंचने में और सुविधा मिलेगी। फिलहाल 12555 गोरखधाम एक्सप्रेस में 7 और 8 अक्तूबर के लिए नो रूम की स्थिति है।