गोरखपुर ग्रीष्मकालीन स्पेशल डाउन ट्रेन 12 घंटे, अमरनाथ अप 10 घंटे लेट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती।एक्सप्रेस ट्रेनों का लेटलतीफी जारी है।बुधवार को भी कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। गर्मी के चलते स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा।पिछले एक माह से विलंब से चल रही ट्रेनों की वजह से स्टेशन परिसर व प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ जमी रही।
रेलवे समय सारणी के अनुसार जो ट्रेनें विलंब से चल रही है।उनमें भागलपुर-अमरनाथ 10 घंटे,गोरखपुर ग्रीष्मकालीन स्पेशल डाउन ट्रेन 12 घंटे,कुशीनगर सुपरफास्ट अप एक्सप्रेस ट्रेन 5 घंटे,बरौनी नई दिल्ली क्लोन अप एक्सप्रेस ट्रेन 3 घंटे व जनसेवा अप एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से चल रही है।स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्री विनय ने बताया कि परिवार के साथ घर से ट्रेन के निर्धारित समय से स्टेशन पर आया हूं, लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि ट्रेन दस घंटे विलंब है।गर्मी के चलते स्टेशन पर भी समय नहीं कट रहा है।
यदि पहले से मालूम होता की ट्रेन इतनी विलंब होगी तो मैं उसी के अनुसार घर से निकलता।रेलवे बोर्ड को चाहिए कि ट्रेनों की विलंब की सूचना यात्रियों के मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से मिलता रहे।जिससे यात्रा करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिल सके और उन्हें बेवजह स्टेशन पर समय व्यतीत नहीं करना पड़ेगा।
प्लेटफार्म संख्या एक पर बच्चों के साथ ट्रेन का इंतजार कर रही महिला यात्री साधना ने बताया कि लोकमान्य तिलक तक यात्रा करनी है।लेकिन स्टेशन पर पूरे दिन ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि यह पहली बार है कि जब ट्रेन के लिए पूरे दिन स्टेशन पर बैठना पड़ा।गर्मी की वजह से बच्चों को लेकर काफी मुसीबत झेलनी पड़ रही है।इस समस्या को सुनकर घर के लोग यात्रा कैंसिल करने के लिए बोल रहे हैं।लेकिन मुंबई पहुंचना बहुत आवश्यक है। इस मजबूरी में ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर बैठी हूं। पूछताछ ऑपरेटर सौरभ पाल ने बताया कि पहले की अपेक्षा अब अधिकांश ट्रेनों के समय में सुधार हुआ है। उम्मीद है कि जल्द सभी ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार चलने लगेगी।