तेज धूप के कारण चेहरा ढंक कर जातीं युवातियां।
बुधवार को 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ अधिकतम तापमान
पुरवा हवा चलने से लू से राहत, फिर भी तापमान से बढ़ी गर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंगलवार को राहत के बाद तापमान फिर बढ़ने लगा है। बुधवार की सुबह से ही गर्मी व उमस से लोग बेहाल रहे। इस दौरान अधिकतम तापमान 41.5 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तपिश से तमतमाए लोग दोपहर में छांव की तलाश करते दिखे।
सोमवार रात हल्की बारिश से मंगलवार को गर्मी से मामूली राहत रही, लेकिन बुधवार को दिन शुरू होते ही उमस व गर्मी परेशान करने लगी। सुबह 11 बजे ही सड़कें सूनीं हो गईं। बाजार भी बंद ही दिखे। हालांकि लू या हीटवेव के अलर्ट से जिला अभी बाहर है। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे से हवा का रुख बदलने से जनपद में निम्न वायुदाब का क्षेत्र बना हुआ है।
पुरवा हवा चलने से मामूली सी राहत मिली है। इसी कारण लू से राहत है। बताया आने वाले दिनों में मौसम ऐसे ही बना रहेगा। तेज हवा के साथ कुछ जगहों पर वज्रपात की आशंका है। इस दौरान गरज-चमक के साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।