बस्ती। गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर स्थित संतकबीरनगर के दुधारा थाना अंतर्गत टेमा चौराहे पर रविवार रात अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को ठोकर मार टी। इससे कार चालक सहित एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मेडिकल कॉलेज बस्ती ले जाया गया, जहां एक महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य की हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, लालगंज थानाक्षेत्र के बनकटी कस्बा निवासी जय प्रकाश पाल रविवार की शाम शादी में शामिल होने संतकबीरनगर जिले के दुधारा थानांतर्गत भुवनडाड़ गांव गए थे। करीब चार बजे वह अपनी पत्नी बेबी पाल, बेटा रोशन पाल व दो बहुओं निभा पाल पत्नी अश्वनी पाल, अनुष्का पाल पत्नी आनंद पाल तथा पोती अनन्या पाल पुत्री अश्वनी पाल को साथ लेकर शादी में शामिल होने के लिए रवाना हुए। शादी संपन्न होने पर रविवार/सोमवार की रात करीब दो बजे स्विफ्ट कार से सभी को भेज दिया। कार के पीछे-पीछे वह बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी बीच हाईवे पर टेमा चौराहे पर बस्ती की तरफ से जा रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को ठोकर मार दी।
कार सड़क किनारे एक लोहे के खंभे से जा टकराई। इससे चालक सहित गाड़ी में सवार बेबी पाल, रोशन पाल, निभा पाल व अनुष्का पाल तथा अनन्या पाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का इलाज गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जबकि, मृत बेबी पाल का शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया।