जीएसटी उपायुक्त को ज्ञापन देते व्यापार मंडल के लोग-स्रोत व्यापारी
बस्ती। मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मंडल अध्यक्ष हरि मूर्ति सिंह मनोज के नेतृत्व में जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जीएसटी उपायुक्त के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री को ज्ञापन भेजा। संगठन ने मांगों का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन में कहा गया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी तकनीकी त्रुटियों एवं मानवीय भूलों को आधार बनाकर व्यापारियों पर अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। पर्याप्त कर जमा होने के बावजूद जुर्माना लगाने से व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। हरि मूर्ति सिंह मनोज ने कहा कि सचल दलों का उद्देश्य कर चोरी रोकना है, न कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले व्यापारियों को छोटी-छोटी कमियों के आधार पर परेशान करना। उन्होंने ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरि बबलू ने कहा कि 40 लाख रुपये तक के वार्षिक कारोबार वाले व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण से छूट होने के बावजूद विभागीय अधिकारी छोटे व्यापारियों पर पंजीकरण कराने का दबाव बना रहे हैं। युवा जिलाध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव ने एसआईबी की जांच पूरी होने से पहले कर जमा कराने के दबाव को अनुचित बताया।
इस दौरान राणा महेंद्र प्रताप, जिलाध्यक्ष कमलेश चौधरी, महेंद्र गुप्त, सत्य प्रकाश दुबे, संजय सिंह, वंदना वर्मा, आकाश सोनी, अवधेश निषाद, सत्यम सिंह, प्रवीण सिंह आदि मौजूद रहे।