संबाद न्यूज एजेंसी
बभनान। बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी संपर्क फाटक पर गन्ना लदे ट्रैक्टर का पिछला पहिया रेलवे लाइन के हाइट गेज के नीचे निकल कर अलग हो गया। गनीमत रहा कि ट्रैक्टर पलटा नहीं वरना बगल से गुजर रहे तमाम लोग चपेट में आ गए होते।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे गौरा चौकी की तरफ से ट्रैक्टर-ट्राॅली आ रही थी। बभनान के रेलवे गेट संख्या 221 के पास लगे हाइट गेज के नीचे पहुंचने पर अचानक ट्रैक्टर का पिछला पहिया निकल कर अलग हो गया।
कोई हताहत तो नहीं हुआ पर बभनान गौरा चौकी मार्ग पर गन्ना लदे ट्रकों व ट्रॉलियों की लंबी लाइन लग गई ।
इससे आवागमन अवरोध हो गया। संपर्क फाटक के दोनों तरफ गाड़ियों का लंबा जाम लग गया है। आरपीएफ के काफी प्रयास के बाद जाम हटवाया जा सका। तब लोगों ने राहत की सांस ली।