एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी को वोट देने के लिए मतदाताओं में रुपये बांटने के आरोप में लालगंज पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों लोग उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन-2022 के दौरान थानाक्षेत्र के छिबरा गांव में रुपये बांटते पकड़े गए। इनके पास से पांच हजार रुपये नकद बरामद किया गया है साथ ही इनके चार पहिया वाहन को सीज कर दिया गया है।
पुलिस कार्यालय के मुताबिक शुक्रवार/शनिवार रात में थाना लालगंज पुलिस ने चेकिंग करने निकली थी। इस दौरान सूचना मिली कि छिबरा गांव में कुछ लोग सपा प्रत्याशी के लिए रुपये बांट रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर वहां जमुना प्रसाद उर्फ विजयपाल यादव व अब्दुल कलाम निवासी डिहुकपुरा थाना लालगंज, जामवन्त निवासी पिपरपाती मुस्तहकम थाना लालगंज जनपद पकड़े गए।
उक्त तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आईपीसी व लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लालगंज उमाशंकर त्रिपाठी, एसआई दिनेश चन्द्र मिश्र, हेड कांस्टेबल अष्टभुजा सिंह, कांस्टेबल पंकज सिंह, प्रतीक कुमार सिंह शामिल रहे।