दिव्यांग युवती से दुष्कर्म केप्रयास के आरोप में तीन गिरफ्तार
पीड़िता ने मेडिकल कराने से किया इनकार, दुष्कर्म के प्रयास का लगाया आरोप
बस्ती। सोनहा थाने के एक गांव में दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी तीनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस घटना में नया मोड़ आ गया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया है। पूछने पर चिकित्सक को बताया कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ है, तीनों ने दुष्कर्म की कोशिश की थी।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पीड़िता को महिला अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा गया था, लेकिन उसने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया। कारण पूछने पर उसने चिकित्सक को बताया कि उसके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है। आरोपितों ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। ऐसे में सामूहिक दुष्कर्म की धारा में दर्ज मुकदमे को दुष्कर्म के प्रयास की धारा में तरमीम कर दी गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की जा रही है।
सोनहा थानाक्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय दिव्यांग युवती की मां ने शुक्रवार को थाने पर तहरीर देकर बताया था कि बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे उनकी बेटी शौच के लिए खेत में गई थी। आरोप लगाया था कि इसी दौरान गांव के तीन युवक उनकी बेटी को जबरदस्ती खेत में ले गए। वहां उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर तीनों ने दुष्कर्म किया और भाग गए। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।