चेंबर में घुसकर महिला डॉक्टर को धमकाया
बस्ती। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पर तैनात महिला डॉक्टर के चेंबर में घुसकर अभद्रता व धमकी का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि पीएचसी के सामने मेडिकल स्टोर संचालित करने वाले जबरन दवा लिखने का दबाव बनाते हैं।
थानाध्यक्ष विंदेश्वरीमणि त्रिपाठी ने बताया कि संविदा चिकित्सक डॉ. श्रद्धा सिंह की तहरीर पर अनन्य सिंह, मोहित सिंह और ब्यूटी सिंह के खिलाफ आईपीसी की धाराओं के अलावा उत्तर प्रदेश चिकित्सा परिचर्या सेवा कर्मी और चिकित्सा व सेवा परिचर्या सेवा संस्थान हिंसा व संपति की क्षति निवारण अधिनियम की धारा तीन के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नगर थान क्षेत्र के महरीपुर की निवासी डॉ. श्रद्धा सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि पीएचसी के पास अवैध रूप से दवा की दुकान चलाई जा रही है। इसके संचालक दवा खरीदने के लिए दबाव बनाते हैं। 21 सितंबर की दोपहर एक राय होकर सभी अस्पताल में आए और अपमानित करने के उद्देश्य से चेंबर में घुसकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अस्पताल में न घुसने देने की धमकी दी गई। कलवारी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई राकेश मिश्र को सौंपी गई है।