गौहनिया गांव की वारदात से सहमे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। गौहनिया गांव में शनिवार की रात को चोरों ने छप्पर के बाड़ में बंधे 23 बकरे और बकरियां चुरा ले गए। वारदात की जानकारी सुबह जागने के बाद हुई तो घर वाले हैरान रह गए। पीड़ित परिजनों की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर लौट गई।
जानकारी के अनुसार, गौहनिया गांव निवासी मोहम्मद रजा बकरी पालन करते हैं। शनिवार की शाम को बकरियों को चारा-पानी देकर बाड़े में बंद कर बगल बने घर में सोने चले गए। शनिवार की रात को किसी वाहन से आए चोर बाड़ा खोलकर बकरे और बकरियों को चुरा ले गए। रात में घटना की भनक घर वालों को नहीं लगी। सुबह जब किसी की नींद खुली तो बाड़े का दरवाजा खुला देख दंग रह गए।
अंदर गए तो देखी सारी बकरे और बकरियां गायब थीं। पीड़ित मोहम्मद रजा ने बताया कि करीब दो लाख रुपये से अधिक कीमत की बकरियां चोर चुरा ले गए।तहरीर थाने पर दे दी है। पुलिस ने जांच करने की बात कहकर वापस भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। पुलिस जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। एक अन्य घटना में छावनी थाना क्षेत्र के भूसूडिया गांव में भी चोर एक व्यक्ति की चार बकरियां चुरा ले गए।