गौर। थाना क्षेत्र के गोभिया और पिपरा गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की दो वारदातों से ग्रामीणों में दहशत है। सुबह करीब 9:00 बजे गोभिया गांव में एक महिला को घर में अकेला पाकर चोरों ने उसे पहले बेहोश किया, फिर जेवरात लेकर फरार हो गए।
वहीं, दोपहर में पिपरा कपूरी गांव में भी चोरी की कोशिश की सूचना मिली है। प्रभारी निरीक्षक परमाशंकर यादव ने बताया कि मैं उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम की ड्यूटी में हूं। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को भेजा गया है। जांच जारी है।
गोभिया गांव निवासी सियाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सुबह के समय वह अपने खेत में परिवार के साथ काम कर रहा था। घर में उसकी पत्नी खुशबू देवी अकेली थी, जो नल पर बर्तन धो रही थी। जैसे ही वह बर्तन लेकर घर में दाखिल हुई, उसने देखा कि दो अजनबी कमरे से बाहर निकल रहे हैं। जब उसने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक ने उसके मुंह पर रुमाल से दबाव डालकर बेहोश कर दिया।
इस बीच चोर घर में रखे जेवर लेकर फरार हो गए। कुछ समय बाद जब पड़ोसियों ने खुशबू देवी को बेहोश देखा, तो उन्होंने तुरंत खेत में काम कर रहे परिवार को सूचना दी। परिजन जब घर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
इसी दिन दोपहर में पिपरा कपूरी गांव में अवरेश कुमार के घर के पीछे की खिड़की टूटी मिली। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। संवाद