बस्ती। शहर के सिविल लाइन चौकी क्षेत्र के महरीखांवा मोहल्ले के घनी आबादी के बीच सोमवार की रात चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाह मंडप के पीछे सुनील पांडेय का मकान है। उनका परिवार घर में ताला लगाकर मोहल्ले में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में गया था। इसी बीच चोर पीछे की तरफ से बाउंड्री कूदकर उनके घर में घुस गए। चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला। बेड बाक्स में रखे अनुमानित 20 लाख के सोने के जेवरात और 10 हजार नकद लेकर चंपत हो लिए।
इसी बीच गृहस्वामी के दोनों बेटे घर पर पहुंच गए। एक चोर को एक बेटे ने पकड़ लिया लेकिन, उसने बेटे के सिर पर कप से प्रहार कर दिया। जिससे बेटा बेहोश होकर गिर पड़ा। इस बीच मौका पाकर चोर दीवाल कूदकर भाग गया। गृहस्वामी सुनील पांडेय ने बताया कि मोहल्ले में परिवार का निमंत्रण था। वहीं सभी घर में ताला लगाकर चले गए थे। कुछ देर बाद उनका बड़ा बेटा सुमित पांडेय और छोटा बेटा शोभित पांडेय घर वापस लौट आए। ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा। बड़ा बेटा मकान की पिछले हिस्से में आंगन की तरफ बढ़ा तो एक चोर हाथ में झोला लिए भागने की फिराक में था। तभी सुमित ने उसे पीछे से पकड़ लिया। इस बीच चोर ने पास में रखे कांच के कप से सुमित के सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सुमित का भाई शोभित जब तक बचाव में दौड़ता तब तक चोर आंगन की दीवार कूदकर पीछे की तरफ से भाग निकला। इस घटना की जानकारी होने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। तत्काल डॉयल 112 पर घटना की जानकारी दी गई। पीड़ित के घर पर पुलिस की आवाजाही रात से ही शुरू हो गई। मंगलवार को दिन में भी पुलिस ने कई बार घटना स्थल का मुआयना किया। चोरों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। लेकिन, चोरों का सुराग नहीं लग सका है। मामले में गृहस्वामी सुनील पांडेय ने तरफ तहरीर दी है। कोतवाल मोतीचंद ने बताया कि चौकी इंचार्ज सिविल लाइंस घटना की जांच के लिए मौके पर भेजा गया है।