खिड़की तोड़ पीएनबी की शाखा में घुसे चोर
बभनान (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बभनान के चंद्रशेखर नगर वार्ड में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा की खिड़की तोड़ चोर अंदर घुस गए। गनीमत रही कि चोर लॉकर तक नहीं पहुंच पाए।
हालांकि सीसीटीवी कैमरे का रिकॉर्डिंग समझ चोर बैंक में इंटरनेट कनेक्शन के लिए लगाया मॉडम उठा ले गए। इससे बैंक का काम बृहस्पतिवार को दिनभर ठप रहा। बैंक प्रबंधक केके गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार की रात चोर बैंक के पीछे लगे खिड़की को तोड़ घुस आए। हालांकि वे रकम उड़ाने में कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन बैंक की तिजोरी तक पहुंचने के लिए तोड़फोड़ की। यही नहीं बैंक के दस्तावेज के साथ भी छेड़छाड़ की गई।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक के पीछे खेत है। उसी खेत के रास्ते चोर जाली पर चढ़कर गिल को तोड़कर अंदर प्रवेश किए। घटना में रुपये की चोरी का मामला सामने नहीं आया है। सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी हरैया शेषमणि उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह, सर्विलांस की टीम, डॉग स्क्वॉड, फील्ड यूनिट की टीम में मौके का मुआयना कर साक्ष्य को एकत्रित किया। चौकी प्रभारी बभनान सुभाष मौर्य ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।