बस्ती। शहर के पिकौरा शिवगुलाम मोहल्ले की मंगला कॉलोनी में चोरी के मामले बढ़ गए हैं। भाजपा नेता आशीष शुक्ल के मकान में शनिवार को दिन में ही गेट खोलकर 13 से 16 साल उम्र के चार संदिग्ध लोग घुस गए। बरामदे में बंधा कुत्ता भौंकने लगा। उनकी पत्नी बाहर निकलीं तो चारों गेट भागने लगे। मोहल्ले वालों की मदद से आशीष ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।
बता दें मंगला कॉलोनी में आधी रात तक अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। छह माह के भीतर दो घरों से जेवरात और एक बुलेट बाइक भी चोरी हो गई थी। एक अन्य घर से गाय भी चोरी हुई थी। बाद में पुलिस ने जेवरात चोरी होने की घटना का पर्दाफाश किया था। लेकिन, गाय और बाइक का सुराग अब तक नहीं लगा है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि मंगला कॉलोनी में पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। पेट्रोल पंप के सामने से बस्ती खास स्थित मुख्य नाला के किनारे अराजक तत्वों का जमावड़ा शाम से लेकर देर रात तक रहता है। इसके अलावा दिन में भी संदिग्ध लोग आते जाते रहते हैं। संवाद