संवाद न्यूज एजेंसी कप्तानगंज (बस्ती)। थाना क्षेत्र के हरदी बाजार के धंधेबाज ने कुछ ग्राहकों के साथ धोखा कर बाकी लोगों को भी सकते में डाल दिया है। इस बारे में जिसे भी जानकारी हो रही है वह अपने घर में रखे सोने पर संदेह करने लगा है।
कई लोग परिवार के गहनों की गुणवत्ता जांच कराने भी जा रहे हैं। पुलिस उस दुकानदार को सरगर्मी से तलाश रही है, मगर वह हाथ नहीं आ रहा है। माना जा रहा है कि फरार दुकानदार नकली सोने के जेवर खपाने के किसी बड़े गिरोह से जुड़ा होगा। हरदी गांव के अब्दुल रसीद ने बताया कि 10 नवंबर को बेटे की शादी के लिए 1.12 लाख रुपये का सोने का जेवर लिया था। बस्ती जाकर चेक कराया तो 35 प्रतिशत ही सोना मिला। इसी गांव के झिनकू गुप्ता ने बताया कि सात मार्च को बेटे की शादी थी। इसके लिए इसी दुकान से जेवर लिया गया था। जब जेवर को वधू पक्ष के लोगों ने देखा तो नकली होने की आशंका जताई। शादी तो किसी तरह से हो गई।
नकली सोना के दुकानदार को पता चला तो वह नौ मार्च को ही दुकान बंद कर फरार हो गया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस धंधेबाज ने कम समय में ही पूरे इलाके में नेटवर्क बना लिया था।
इससे लोग बड़े ज्वेलर्स के बजाय इसी की दुकान से गहने खरीदने लगे थे। आसपास गांवों के दो दर्जन से अधिक लोगों ने असली सोना गिरवी रखकर रुपये लिए हैं, वे भी परेशान हैं।