बभनान कस्बे में लक्ष्मी बाई नगर वार्ड में लगा जाम - संवाद
बभनान। नगर पंचायत के लक्ष्मीबाई नगर वार्ड में गौरा चौकी-बभनान मार्ग पर रविवार देर शाम लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। एक के बाद एक ट्रेन गुजरने के कारण रेलवे क्रॉसिंग पर दबाव बढ़ता गया।
क्रॉसिंग खुलने के बाद दोनों तरफ लगभग एक किलोमीटर तक जाम दिखा। कई लोगों को जाम में फंसे रहने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लक्ष्मीबाई नगर वार्ड में बभनान-गौरा चौकी मार्ग पर दुकानदार अपनी दुकान के सामने मुख्य सड़क पर लोडिंग अनलोडिंग करते हैं। वहीं रेलवे गेट बंद होने के चलते यह समस्या विकराल हो जाती है ।रविवार को पूर्वी रेलवे फाटक पर एक के बाद एक कई ट्रेन निकलने के बाद जब क्रॉसिंग खुली तो स्टेशन चौराहे से लेकर हलुवा बाजार जाने वाले तिराहे तक गौरा चौकी मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
राहगीर राम शंकर पाठक, शिवकरन चौधरी, राम आजोर सिंह, शिव बहादुर ने बताया कि सड़क पर बड़े वाहन खड़े करके व्यापारी लोडिंग अनलोडिंग करते हैं। गौरा चौकी व हलुवा बाजार जाने के लिए यही पर वाहन में सवारी भी भरते हैं।
जिसके चलते सड़क पर दबाव बढ़ जाता है। रविवार को क्रॉसिंग पर डेढ़ घंटे तक लोग खड़े रहे।