बस्ती। बेखौफ चोरों ने पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र के परसा जाफर चौराहे से सोनहटी जाने वाले मार्ग पर स्थित एक घर को मंगलवार को दिन-दहाड़े खंगाल डाला। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोर जेवरात व नगदी लेकर चंपत हो गए।
वहां के बाबूलाल प्रजापति रोजीरोटी के लिए मुम्बई में रहकर काम करते हैं। गांव में उनकी पत्नी संगीता और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह बच्चे स्कूल व अन्य कार्य से बाहर गए थे। संगीता भी कुछ काम से आधे घंटे के लिए बाहर चली गईं। जाने से पहले ताला लगाया था।
वापस करीब पौने 11 लौटने पर घटना की जानकारी हुई। संगीता के मुताबिक चोरों ने लोहे के सब्बल से दरवाजा तोड़ा और घर के अंदर घुस गए। अलमारी व बक्से को तोड़कर उसमें रखी सोने की तीन अंगूठी, पायल, नथिया, टीका, मोबाइल, मंगलसूत्र और 45 हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती महेश सिंह, चौकी प्रभारी हड़िया व डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। मौके से साक्ष्य एकत्र करने के साथ ही पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है। संवाद