सोनहा थाना क्षेत्र के अमरौली शुमाली के नहाने गए युवक को नदी से निकाल कर लाते एसओ राम कृष्ण मिश्र।
- फोटो : BASTI
कुआनो नदी में नहाने गए युवक की डूबकर मौत
सोनह ा(बस्ती)। वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के कुआनो नदी के चौरा घाट पर नहाने गए सोनहा थानाक्षेत्र के अमरौली शुमाली टोला चिरैयाडांड़ के दो किशोर व एक युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से दो किशोरों को बचा लिया, लेकिन एक को नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना पर वाल्टरगंज थानाध्यक्ष दुर्विजय व प्रभारी निरीक्षक सोनहा राम कृष्ण मिश्र दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। नाव व स्थानीय गोताखारों की मदद से नदी में लापता युवक की तलाश शुरू कराई। एसएचओ राम कृष्ण मिश्र ने भी नदी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में उसके शव को बरामद कर कंधे पर लादकर बाहर निकाला। इससे पहले प्रभारी निरीक्षक सोनहा ने पांच जुलाई को भी नहर से शव को निकाला था।
चिरैयाडांड के 30 वर्षीय राम नयनगुप्त पुत्र बुधिराम, 15 वर्षीय लाल मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद व 15 वर्षीय जाफर अली पुत्र अहमद शुक्रवार दोपहर बाद करीब तीन बजे 32 वर्षीय बबलू पुत्र जयपाल के साथ कुआनो नदी के चौराघाट पर नहाने गए थे। रामनयन, लाल मोहम्मद व जफर अली नहाने के दौरान नदी की धारा में लापता होने लगे। यह देख साथ गए बबलू ने शोर मचाया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे इसरार अली व मोहम्मद रफीक ने लाल मोहम्मद व जाफर को तो बचा लिया गया, लेकिन रामनयन को नहीं बचाया जा सका। रामनयन तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। पत्नी ज्ञाना देवी पुत्री साधना (12), राधा (8) व पुत्र कृष्णा (2) के साथ अपने मायके गौर थाना क्षेत्र के केसरई रहती हैं, जबकि बुजुर्ग पिता बुधिराम बड़ी बेटी के साथ गोंडा जनपद के छपिया थानाक्षेत्र के सिसई रहते हैं। थानाध्यक्ष दुर्विजय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।