ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान
मुंडेरवा। टेढ़ी गिमटी पुल के करीब शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे रेलवे ट्रैक पर बाघ एक्सप्रेस के सामने कूद कर 29 वर्षीय युवक ने जान दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया है कि युवक एक घंटे से रेलवे ट्रैक पर घूम रहा था और किसी से मोबाइल पर बातें कर रहा था।
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ग्राम कोहड़वा निवासी हीरालाल (29 ) बाइक से शनिवार की सुबह टेढ़ी गिमटी पुल के नीचे पहुंचा और बाइक खड़ी करके रेलवे ट्रैक पर चला गया।
जैसे ही डाउन ट्रैक पर बाघ एक्सप्रेस के आने की आवाज सुनाई पड़ी, वह ट्रेन के आगे कूद गया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। छह महीने पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।