नए वर्ष पर बधाइयों में गुजरा पूरा दिन
बस्ती। नववर्ष-2021 की सुबह सबने नई ताजगी महसूस की। सबसे पहले एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामना देने के साथ दिन की शुरुआत की। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान लोगों ने अपने-अपने तरीके से जश्न मनाया। वर्ष-2021 में कुशलता और सफलता के लिए शुक्रवार सुबह आस्थावानों की भीड़ मंदिरों में जुटी। चर्च में प्रार्थना सभा हुई। बच्चों की टीम स्टेडियम और पार्कों में नए वर्ष का अपने अंदाज में स्वागत किया।
दफ्तरों में पूरे दिन बधाइयों का दौर चलता रहा। सोशल मीडिया पर पहले से ही शुभकामनाओं का दौर चल रहा था। व्हाट्सएप, फेसबुक, मैसेंजर, ट्विटर पर न्यू ईयर की शुभकामनाओं की भरमार रही। बच्चों की टीम स्टेडियम और घरों में नए वर्ष का अपने अंदाज में स्वागत किया। किशोरों की टोलियां मोहल्ले में डीजे और साउंड सिस्टम पर फिल्मी गानों पर खूब थिरके। सुबह होने पर अधिकांश परिवार के साथ मंदिर पहुंचे। कटेश्वर पार्क और वन विहार में ताला पड़ा होने के बावजूद आसपास मेले जैसा दृश्य रहा। पुलिस भी बढ़ती भीड़ देखकर पहरे में तैनात रही। युवाओं ने व्हाट्सएप और फेसबुक से नए वर्ष की बधाई साझा की। समर्थ समूह की महिलाओं ने गांधीनगर गुरुद्वारे के पास केक काटकर नया वर्ष मनाया। इस दौरान प्रशिक्षक सुमन मिश्र, नजमा खातून, आशा गुप्ता, बैजंती, अकबरी अंजुम, दीपाली गुप्ता, वंदना आदि मौजूद रहीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में नव वर्ष की धूम
हर्रैया, छावनी, विक्रमजोत, बभनान, विशेषरगंज, दुबौलिया, कलवारी, नगरबाजार, भानपुर, रुधौली, मुंडेरवा आदि कस्बों में देरशाम तक नववर्ष की बधाई देने का सिलसिला चला। बनकटी में नए साल की भोर से ही हैप्पी न्यू ईयर और विशेष संदेशों के साथ शुभकामनाएं देने का दौर चला। एसएमएस, न्यू ईयर शायरी मोबाइल फोन के माध्यम से लोग भेजते रहे। बच्चे खुद के बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से मित्रों को शुभकामनाएं दीं। बनकटी, महादेवा, देईसाड़, बानपुर चौराहों पर गुब्बारों से दुकानें सजा कर डीजे के साथ लोग थिरकते नजर आए।
मिलती है कुछ नया करने की प्रेरणा
गौर। थाने पर तैनात महिला कांस्टेबल ज्योति सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते इस बार कोई विशेष व्यवस्था नहीं होने से सब अपने-अपने तरीके से लुप्त उठा रहे हैं। बीएससी की छात्रा श्वेता यादव कहती हैं कि नयावर्ष कुछ करने का संदेश देता है। नववर्ष का हम खुशी के साथ स्वागत कर रहे हैं। छात्रा रंजना यादव, अन्नू, नम्रता सिंह आदि ने कहां की नववर्ष के लिए कई दिनों से मन उत्साहित था और हैप्पी न्यू ईयर को लेकर तैयारियां भी चल रही थीं। केक काटकर एक-दूसरे को गुलदस्ते, फूल देकर स्वागत किया। छात्राओं ने कहा कि नववर्ष का उत्साह कुछ अलग है। नववर्ष केवल खुशियां मनाने या बांटने का नहीं, बल्कि कुछ नया करने की प्रेरणा देने का है।