फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: कानफोड़ू डीजे पर झूम रहे बराती... पीछे लग रहा जाम

Tue, 26 Nov 2024 03:01 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। सहालग की वजह से कहीं खुशी का माहौल है तो कहीं चिड़चिड़ापन और उलझन की समस्या बढ़ गई है। कानफोड़ू डीजे की धमक सड़क से लेकर कॉलोनियों तक है। इसी तेज ध्वनि पर बराती झूम रहे हैं और उनके पीछे आम राहगीरों का लंबा जाम लग रहा है। कोई रास्ता खुलवाने को भी तैयार नहीं है। जब बरात हटेगी तभी जाम खुलेगा। इस चक्कर में लोग घंटों अनायास बरात के पीछे धीरे-धीरे चलने को मजबूर हैं।
विज्ञापन

एक तरफ शहर में ध्वनि प्रदूषण का स्तर बर्दाश्त के बाहर होता जा रहा है। अंदाजा इसी से लगा लें कि साइलेंस जोन में औद्योगिक क्षेत्र से भी ज्यादा शोर आंका जा रहा है। प्रमुख मार्गों के किनारे बसी कॉलोनियों में रात चैन की नींद कोई नहीं सो पा रहा है। खिड़की दरवाजे बंद करने के बाद भी बरात गुजरने के दौरान तीव्र ध्वनि के चलते कंपन हो रहा है। लोगों की नींद खुल जा रही है। लगातार आतिशबाजी से भी बेचैनी बढ़ रही है। इन सब के बीच शहर का आवागमन भी बाधित हो रहा है। मुख्य सड़कों पर भी लोग आसानी से नहीं निकल पा रहे हैं। शहरी आवागमन से लेकर रोडवेज बस एवं भारी वाहन किसी न किसी बरात के पीछे ठहरे हुए हैं। शहर के मालवीय मार्ग, रोडवेज, अस्पताल चौराहा, जिगिना, दक्षिण दरवाजा, स्टेशन रोड और ब्लॉक रोड पर रात 11 बजे तक यहीं दृश्य देखने को मिल रहा है। जगह-जगह पूरी सड़क घेरकर बरात चल रही है। साथ में बैंड बाजा और डीजे की कर्कश ध्वनि गूंज रही है तो आतिशबाजी भी सड़क पर ही किया जा रहा है। इस बीच आने-जाने वाले आम राहगीर फंस जा रहे हैं। खुशी की खुमारी में सड़क से भीड़ हटाने के लिए पुलिस भी नहीं पहुंच रही है। नतीजा लोगों को आगे की यात्रा के लिए बरातियों के हटने तक इंतजार करना पड़ रहा है।
-

रास्ता घेरकर निकाल रहे बरात

मनहनडीह के राजन शुक्ल ने कहा कि आजकल रात में आठ बजे के बाद शहर में निकलने लायक नहीं है। जिधर जाइए, उधर बरात है। गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख मार्गों के किनारे छोटे-बड़े मैरिज हॉल और होटल में शादी पार्टियां चल रही है। मनीष कुमार ने कहा कि शादी-बरात में आने वाले लोग सड़क के किनारे ही आड़ी-तिरछी गाड़ियां खड़ी कर दे रहे हैं। ब्लॉक रोड पर सड़क का दोनों किनारा रात में गाड़ियों से भर जा रहा है। इमरजेंसी में लोग अपनी गाड़ी लेकर घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बोलने पर विवाद की स्थिति बन रही है।
विज्ञापन

-
यहां लग रहा घंटों जाम
सदर ब्लॉक के सामने से लेकर रौता चौराहा तक रात में भीषण जाम लग रहा है। यहां लाइन से मैरिज लॉन होने की वजह से पूरी सड़क पर डीजे के साथ बराती चल रहे हैं। सड़क के दोनों तरफ शादी में आने वालों की गाड़िया खड़ी है। ऐसे में नौ बजे के बाद इस सड़क से निकलना मुश्किल हो जा रहा है। आम राहगीर बरात की पीछे-पीछे घंटों चल रहे हैं। रौता चौराहे पर स्थिति और विकट बन रही है। यहां से लेकर विद्युत वितरण कार्यालय और बैरियहवां चौराहे तक सड़क के दोनों तरफ बरातियों की धूम होने से रोडवेज बसों के साथ अन्य दो और चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लग रही है। रोडवेज तिराहे पर भी यहीं दृश्य देखने को मिल रहा है।
-
अक्सर हो रहा विवाद
सड़क पर बरात निकलने के दौरान अक्सर आम राहगीरों से विवाद हो रहा हैं। बराती ज्यादा संख्या में होते हैं। इस दौरान यदि कोई राहगीर जल्दी निकलने की कोशिश में आगे बढ़ता है तो बराती भिड़ जाते हैं। इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आ रही है। एक दिन पहले पटेल चौक पर बरात निकलने के दौरान जाम हटवाने पहुंचे पुलिस कर्मी को ही बरातियों ने आक्रोश का शिकार बना लिया। इसमें पुलिस कर्मी को चोट भी आई। संख्या बल अधिक होने से पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। अब बरात में शामिल उपद्रवियों की छानबीन की जा रही है।

-
मैरिज हाल खोल लिए, पार्किंग नहीं

कमाई के चक्कर में शहर में मैरिज हाल और होटल की बाढ़ आ गई है। लेकिन, पार्किंग और परिसर अधिकांश जगहों पर मानक से बहुत कम है। इससे भीड़ का प्रबंध नहीं हो पा रहा है। सड़क पर गाड़ी खड़ी हो रही है और बरात भी निकल रही है। इस वजह से जाम की समस्या चारों तरफ है। आजकल मालवीय मार्ग, ब्लॉक रोड, धर्मशाला रोड, बड़ेवन, पचपेड़िया मार्ग, जिला अस्पताल, दक्षिण दरवाजा आदि जगहों पर सहालग की वजह से रात आठ बजे के बाद आसानी से नहीं निकला जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें