बस्ती। दुर्घटना में घायल युवक के गले की फटी नली को चिकित्सकों ने सिलकर उसकी जान बचा ली। सोमवार को ऑपरेशन सफल होने के बाद चिकित्सकों ने राहत की सांस ली। फॉलोअप के लिए कुछ देर युवक को भर्ती किया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया।
नगर थाना क्षेत्र के बढ़नी गांव निवासी जय कुमार यादव बाइक से भद्रेश्वरनाथ मंदिर के लिए निकले। वह कप्तानगंज चले गए। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। उसके गले में गंभीर चोटें आईं। लगातार खून बहने से हालत बिगड़ रही थी। लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थिति गंभीर देख कर्मियों ने ईएनटी सर्जन डॉ. एसएस कन्नौजिया को बुलाया। ट्रामा सेंटर पहुंचे ईएनटी सर्जन ने तत्काल एक्स-रे जांच कराई। गले की एक नस फट गई थी। चिकित्सक ने बिना दिए गए प्रारंभिक उपचार किया और गले के नस की सर्जरी शुरू की। आधे घंटे तक ऑपरेशन के बाद नली को जोड़ा गया। इसके बाद रक्तस्राव रुक गया। घायल जय कुमार बातचीत करने लगा, तो परिजन और चिकित्सकों ने राहत की सांस ली। ईएनटी सर्जन ने बताया कि नली पूरी तरह से फट जाने से मरीज की स्थिति गंभीर होती जा रही थी। समय से अस्पताल नहीं पहुंचा होता तो उसकी जान पर खतरा हो सकता था। बेहतर उपचार के लिए हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया है। टीम में सिस्टर संध्या पटेल, अंकित सिंह, एकता, मुकेश ने सहयोग किया।