बस्ती। शहर की तीन प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में शास्त्री चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, गोवंश को मेडिकल वेस्ट से होने वाले खतरे पर रोक लगाने और बड़े वन ब्रिज के पास सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर के ऐतिहासिक शास्त्री चौक पर स्थापित हाईमास्ट राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ पिछले करीब छह माह से तिरंगे के बिना खड़ा है। व्यापार मंडल का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहे पर तिरंगा न फहरना नागरिकों की भावनाओं और शहर की गरिमा से जुड़ा विषय है। इसे तत्काल दुरुस्त कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।
व्यापारियों ने शहर में खुले कूड़ेदानों में मेडिकल वेस्ट के असुरक्षित निस्तारण पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि इस्तेमाल की गई पट्टियां, दवाइयां और इंजेक्शन की सुइयां खुले में फेंके जाने से भोजन की तलाश में आने वाले गोवंश घायल हो रहे हैं और उनकी जान को खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने मेडिकल कचरे के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बड़े वन ब्रिज के पास सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की भी मांग उठाई गई। व्यापारियों का कहना है कि यह शहर का व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां रोजाना हजारों ग्राहक, व्यापारी और राहगीर आते-जाते हैं। इसके बावजूद यहां महिलाओं और पुरुषों के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ती है। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान हरिमूर्ति सिंह, रत्नाकर श्रीवास्तव, किशन सिंह, आलोक कुमार दुबे, भरत राम अग्रहरि, राणा महेंद्र प्रताप, कमलेश चौधरी, कुलदीप श्रीवास्तव, वंदना वर्मा, महेंद्र गुप्ता, प्रदीप सिंह, समीर राना, रवि कुमार, रामगोपाल सिंह और संजय गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।