जीजीआईसी के इसी हाल का होगा जीर्णोद्धार-संवाद
बस्ती। शहर के सबसे पुराने प्रतिष्ठित विद्यालय राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) और राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के दिन बहुरने वाले हैं। प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत दोनों विद्यालय भवनों को वृहद मरम्मत कार्य करके चमकाया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से 10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृति हुआ है।
शहर के गांधीनगर मार्ग पर यह दोनों विद्यालय आमने-सामने स्थित हैं। अंग्रेजी हुकूमत में स्थापित इन विद्यालय भवनों की स्थिति जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है। बारिश के दिनों में विद्यालय के हाल, कक्षा कक्ष और प्रयोगशाला एवं कार्यालय भवन के कमरों में सीलन आ जाता है। कहीं-कहीं छतें भी टपकती हैं। मरम्मत के अभाव में यहां पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को दुश्वारियां झेलनी पड़ती है।
प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत अब इन दोनों विद्यालयों के भवन बहुत जल्द चमका दिए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय के वृहद मरम्मत के लिए 4.98 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृति किया गया है। इस लागत से विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण कमरें, प्रयोगशाला कक्ष, हॉल, शौचालय आदि भवनों काे मरम्मत करके चमकाया जाएगा। इससे विद्यालय भवन का स्वरूप नया दिखने लगेगा। विभागीय स्तर से निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कोट
प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत जीआईसी और जीजीआईसी के भवन का वृहद मरम्मत कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बहुत जल्द मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा।
-वागीश पाठक, जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा माध्यमिक।