दुबौलिया। थानाक्षेत्र की एक छात्रा का अश्लील फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। इससे आहत छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ दिया है। जानकारी होने पर जब परिवार के लोग आरोपी युवक के घर शिकायत करने गए तो जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुबौलिया थानाक्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर दी है कि इसी थानाक्षेत्र के पकड़ी चौहान निवासी आकाश ने उनकी 22 वर्षीय भतीजी का फोटो में छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर 15 मार्च को आपत्तिजनक बातें लिखकर वायरल किया। भतीजी ने इसकी जानकारी परिवार को दी। इस संबंध में आरोपी आकाश के घर जाकर शिकायत की गई। इससे आरोपी भड़क गया। उसने भतीजी के साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इससे भतीजी इतना डर गई कि वह कॉलेज ही नहीं जा रही है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी आकाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच निरीक्षक शुभनरायन को सौंपी गई है।